उदयपुर में फायरिंग की वारदात का 36 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

दो कट्टे और कारतूस बरामद

 | 
AMbamata Firing

 

 

Udiapur Times News, Crime News , Shootout उदयपुर 12 नवंबर 2026 । अम्बामाता थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी नाथद्वारा के कोठारिया क्षेत्र से की गई। पुलिस के अनुसार, भागने की कोशिश में तीनों आरोपी गहरे गड्ढे में गिर गए, जिससे उनके पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

उन्हें उपचार के लिए एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे आदिल खान उर्फ कालिया अपने दो साथियों के साथ स्कूटी पर सवार होकर आया था। आरोपियों ने पहले 80 फीट रोड अम्बामाता निवासी ईरशाद खां उर्फ अली बाबा के घर पर फायरिंग की।

इसके बाद सज्जन नगर में अब्दुल शकूर शेख के घर के बाहर गोलियां चलाईं। इस दौरान अब्दुल शकूर के हाथ और पैर में चोटें आईं।

घटना के बाद एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर उदयपुर रेंज में सख्त नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन नाथद्वारा के कोठारिया क्षेत्र में ट्रेस की।

पुलिस टीम ने वहां दबिश दी तो आरोपी जंगल की तरफ भागने लगे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों गहरे गड्ढे में गिर गए और घायल हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं। प्रॉपर्टी विवाद में सुपारी देकर फायरिंग कराने का आरोप पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने कथित तौर पर मकान पर कब्जा करने और पीड़ितों को डराने के उद्देश्य से दानिश उर्फ टिडा को अवैध हथियार और रुपयों का लालच दिया था। पुलिस के अनुसार, इसी के बाद फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया।

इस एंगल से भी जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल खान उर्फ कालिया (21), ईशान अली (20) और दानिश उर्फ टिडा (21), तीनों निवासी अम्बामाता थाना क्षेत्र, उदयपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस प्रकरण में आगे अनुसंधान कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News