उदयपुर मे मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 14 वारदातों का खुलासा
दो बाल अपचारी डिटेन
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर कर प्रतापनगर थाना पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में मंदिरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो बाल अपचारियों को डिटेन कर उनके कब्जे से चोरी की नकदी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने प्रतापनगर, हिरणमगरी और सवीना थाना क्षेत्रों में चोरी की कुल 14 वारदातें करना स्वीकार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और नगर पूर्व वृताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में प्रतापनगर थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर को सुंदरवास निवासी गेहरीलाल गायरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बोहरा गणेशजी रोड स्थित भेरुजी मंदिर में 29 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़कर दानपात्र से करीब 10 से 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध नाबालिगों को चिह्नित कर डिटेन किया।
पूछताछ में सामने आईं 14 वारदातें
पुलिस के मुताबिक, दोनों बाल अपचारियों ने प्रतापनगर थाना क्षेत्र में डबोक रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास माताजी मंदिर, बोहरा गणेशजी से प्रतापनगर की तरफ राडाजी मंदिर, देबारी टी-पॉइंट स्थित हनुमान मंदिर और पुराना आरटीओ ढीकली रोड स्थित हनुमान मंदिर के दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी करना स्वीकार किया।
हिरणमगरी थाना क्षेत्र में पूजा पार्क सेक्टर-4, चौधरी हॉस्पिटल के पास और सेक्टर-6 सेवाश्रम रोड पर सिगरेट के केबिन व पान के गल्ले तोड़कर सिगरेट और नकदी चोरी की। इसके अलावा सेवाश्रम पुल के नीचे पराठे के ठेले का ताला तोड़कर रुपये चुराए। मनवाखेड़ा पार्क स्थित हनुमान मंदिर और शांति नगर सेक्टर-6 के राजाजी मंदिर के दानपात्र भी तोड़े।
सवीना थाना क्षेत्र में जड़ाव नर्सरी से मंडी रोड स्थित महादेव मंदिर, लालमगरी के पास जगन्नाथ मंदिर और 100 फीट माली कॉलोनी से परशुराम चौराहे की तरफ स्थित महादेव मंदिर में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। इसके अलावा लालमगरी क्षेत्र के तीन से चार खंडहर मकानों से तांबा और लोहा भी चोरी किया। पुलिस ने दोनों बाल अपचारियों को सम्प्रेषण गृह भिजवा दिया है।