उदयपुर में डॉक्टर को हनी ट्रैप में फंसाकर 25 लाख की वसूली, दो युवतियां गिरफ्तार
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर की ब्लैकमेलिंग, हिरणमगरी पुलिस मनी ट्रेल और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी
Udaipur Times, Crime News उदयपुर में चिकित्सक को हनी ट्रैप में फंसाकर 25 लाख रुपये की वसूली करने के आरोप में हिरणमगरी थाना पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित डॉक्टर की मुलाकात फरवरी 2026 में कृष्णा नामक युवती से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद कृष्णा ने डॉक्टर की मुलाकात अपनी परिचित कशिश भारद्वाज से करवाई। मार्च 2026 में कशिश डॉक्टर के फ्लैट पर पहुंची, जहां दोनों के बीच निजी संबंध बने। Udaipur Crime News
आरोप है कि इसके अगले दिन कृष्णा ने डॉक्टर को फोन कर बताया कि उनके निजी पलों का वीडियो बना लिया गया है। इसके बाद दोनों युवतियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, परिवार को भेजने और घर-दफ्तर पर हंगामा करने की धमकी देकर रुपये मांगने शुरू कर दिए। लगातार ब्लैकमेलिंग और बदनामी के डर से डॉक्टर मानसिक तनाव में आ गया। आरोपियों के दबाव में उसने बैंक से लोन लिया और तीन अलग-अलग किस्तों में कुल 25 लाख रुपये उदियापोल बस स्टैंड के पीछे कृष्णा को सौंप दिए। रकम लेने के बाद युवतियों ने वीडियो डिलीट करने और आगे परेशान नहीं करने का आश्वासन दिया था। पुलिस के अनुसार करीब तीन माह बाद 30 मई को कृष्णा ने फिर डॉक्टर से संपर्क किया।
उसी दिन कशिश दोबारा डॉक्टर के फ्लैट पर पहुंची और दोनों ने कथित रूप से 15 लाख रुपये की नई मांग रख दी। साथ ही पैसे नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। Udaipur News
इसके बाद डॉक्टर ने हिरणमगरी थाना पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृष्णा और कशिश भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डॉक्टर से वसूले गए 25 लाख रुपये कहां खर्च या छिपाए गए तथा इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। जांच जारी है।
#UdaipurNews #RajasthanNews #CrimeNews #HoneyTrapCase #DoctorExtortion #BreakingNews
