उदयपुर: कोल्यारी में 55 लाख की चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 | 
arrest

Udaipur Times, Crime News: 2 जून 2026। उदयपुर ज़िले के फलासिया थाना क्षेत्र के कोल्यारी में हुई 55 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी रमेश वडेरा ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया है कि चोरी के सोने-चांदी के जेवरात तीनों आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे। उसके हिस्से में आए जेवरात उसने एक व्यापारी के पास गिरवी रख दिए थे।

थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि आरोपी फिलहाल चार दिन की पुलिस रिमांड पर है। उसकी निशानदेही पर चोरी गया माल बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में शामिल फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार इस चोरी के खुलासे में हाईवे मोबाइल टीम के जवान पप्पू कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने मामले से जुड़े कई अहम इनपुट जुटाए और सुरागों को जोड़ते हुए मुख्य आरोपी की पहचान करने में मदद की।

गौरतलब है कि 18 मई 2026 को शेरसिंह पुत्र भगवतसिंह राजपूत ने फलासिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 17 मई की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के समय शेरसिंह और उनकी पत्नी किसी काम से उदयपुर गए हुए थे, जबकि उनका बेटा और बहू घर के एक कमरे में सो रहे थे। चोर घर के पीछे से अंदर घुसे और तीन कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह परिवार के सदस्यों के जागने पर चोरी का पता चला था।

पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News