उदयपुर कृषि उपज मण्डी कार्मिक 24000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 | 
ACB

 

 

Udaipur Times, Crime News: ACB इकाई उदयपुर द्वारा आज ट्रैप कार्यवाही करते हुए उदयपुर के सविना स्थित कृषि उपज मण्डी के कार्मिक मनोहरलाल को परिवादी से 24,000/- रुपये नकद रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ACB कार्यालय उदयपुर को परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि वह कलडवास, उदयपुर में आटा मिल का संचालन करता है तथा कृषि उपज मण्डी, सवीना एवं अन्य व्यापारियों के माध्यम से गेहूं की वैध खरीद करता है।

परिवादी के अनुसार मार्च 2026 से आरोपी कृषि उपज मण्डी सवीना के कार्मिक मनोहरलाल द्वारा परिवादी से जुड़े व्यापारियों के गेहूं से भरे ट्रैक्टरों को रोककर चैकिंग के नाम पर तत्काल बिल प्रस्तुत करने का दबाव बनाया जा रहा था तथा बिल प्रस्तुत नहीं करने पर चालान किए जा रहे थे। इस कारण परिवादी के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

परिवादी द्वारा आरोपी से इस संबंध में बातचीत करने पर उसके द्वारा परिवादी के साथ व्यापार करने वाले व्यापारियों के ट्रैक्टरों को चैक नहीं करने एवं उनके चालान नहीं बनाने तथा परिवादी द्वारा खरीदे गए गेहूं के बिलों की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराने पर उसके विरुद्ध राजस्थान कृषि उपज मण्डी नियमों के तहत पेनल्टी नहीं लगाने की एवज में तत्कालीन सचिव कृषि उपज मण्डी सवीना के मदन गुर्जर के नाम पर प्रतिमाह रिश्वत राशि की मांग की गई।

परिवादी के अनुसार पूर्व में आरोपी द्वारा अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि के लिए 65,000/- रुपये रिश्वत राशि की मांग कर प्राप्त की जा चुकी थी। इसके पश्चात अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक के चार माह की अवधि के लिए भी पुनः रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी।

शिकायत के संबंध में रिश्वत राशि मांग का सत्यापन करवाया गया, जिसमें आरोपी मनोहरलाल द्वारा परिवादी से की जा रही रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई।

मांग की पुष्टि के उपरांत आज ACB उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा मय ट्रैप टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोहरलाल, को परिवादी से 24,000/- रुपये नकद रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी मनोहरलाल से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। ACB द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News