Udaipur Times, Udaipur News: शहर के सवीना थाना क्षेत्र में साथी वकील को जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज वकीलों ने रविवार को थाने में धरना दिया। अधिवक्ताओं ने घटना को लेकर सोमवार को भी कलेक्टरी पर प्रदर्शन किया और और थानाधिकारी दलबीर सिंह के निलंबन की मांग की।
वकीलों ने थानाधिकारी दलबीर सिंह के खिलाफ नाराजगी जताते हुए उन्हें हटाने की मांग की। मामला करीब तीन घंटे तक गरमाया रहा, जिसके बाद अधिकारियों की समझाइश पर स्थिति शांत हुई।
वकीलों के अनुसार, साथी वकील राजेश जाजोदिया रविवार को शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान मामले में आरोपी बताए जा रहे कौशल आमेटा भी थाने पहुंच गए।
वकीलों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही आमेटा ने राजेश जाजोदिया को जान से मारने की धमकी दी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज वकील थाने में एकत्र हो गए और धरने पर बैठ गए।