Udaipur Local Crime News: रियल एस्टेट निवेश के नाम पर करोड़ों की कथित धोखाधड़ी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
UdaipurTimes, 29 November 2026 | Crime and Police Udaipur Local News: रियल एस्टेट निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में सुखेर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिरुद्ध मजूमदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर निवेशकों से करीब 10.92 करोड़ रुपए की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 7 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अब उससे फर्जी दस्तावेजों, रकम के लेन-देन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सहेलीनगर निवासी CA ध्रुव शाह की रिपोर्ट पर अंबामाता थाने में मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में बताया कि उनके मित्र प्रतीक नलवाया आवासीय प्रोजेक्ट विकसित करना चाहते थे। इसी दौरान अनिरुद्ध मजूमदार ने खुद को बड़ा रियल एस्टेट कारोबारी बताते हुए शोभागपुरा क्षेत्र में करीब 1.05 लाख वर्गफीट जमीन होने और AIF फंड बनाकर निवेश पर मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।
आरोप है कि वर्ष 2025 से 19 जनवरी 2026 के बीच निवेशकों से अलग-अलग किश्तों में करोड़ों रुपए लिए गए। इसके बदले फर्जी पे-इन स्लिप, रसीदें, खातेदारों के दस्तावेज और कूटरचित विक्रय इकरारनामे तैयार किए गए। निवेशकों को जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई और जमीन अन्यत्र बेच दी गई।
23 फरवरी को एक कैफे में निवेशकों से जबरन रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गए। शिकायत करने पर निवेशकों को जान से मारने और सरकारी एजेंसियों में शिकायत कराने की धमकी देने का भी आरोप है।
SP डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध एवं अनुसंधान प्रकोष्ठ मनजीत सिंह के पर्यवेक्षण में सुखेर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनिरुद्ध मजूमदार को 29 नवंबर को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने पर 7 दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
गिरफ्तार आरोपी अनिरुद्ध मजूमदार (40) पुत्र अनुतोष मजूमदार, निवासी अंबेनगर, हिरणमगरी सेक्टर-4, मनवाखेड़ा, उदयपुर है। उसके वर्तमान निवास शोभागपुरा क्षेत्र में बताया गया हैं। पुलिस मामले में अन्य सह-अभियुक्तों की भूमिका और फर्जी दस्तावेजों के संबंध में जांच कर रही है।
Source: Udaipur Police Press Note