Udaipur Local Crime News: हवाला कारोबार के शक में ANTF की कार्रवाई, 39.22 लाख रु संदिग्ध नकदी बरामद

पुलिस और जांच एजेंसियों ने कार्यालय के मालिक से इतनी बड़ी रकम के वैध दस्तावेज, हिसाब-किताब और रकम के स्रोत के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका
 | 
Udaipur Local Crime News: हवाला कारोबार के शक में ANTF की कार्रवाई, 39.22 लाख रु संदिग्ध नकदी बरामद

 

UdaipurTimes, July 30, 2026 | Crime News from Udaipur: उदयपुर। शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने हवाला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 39 लाख 22 हजार 660 रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद की है। टीम ने मेवाड़ मोटर्स गली स्थित राजमंदिर ट्रैवल्स के ऊपर संचालित एक कार्यालय में दबिश देकर नकदी के साथ नोट गिनने की मशीन और कैलकुलेटर भी जब्त किए।

ANTF IG विकास कुमार ने बताया कि स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि राजमंदिर ट्रैवल्स के ऊपर बने कार्यालय से बड़े स्तर पर अवैध नकदी का लेन-देन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने अचानक कार्यालय में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान काउंटर पर 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां, नोट गिनने की मशीन और कैलकुलेटर मिले।

ANTF टीम ने मौके पर सूरजपोल थाना पुलिस को बुलाया। प्रारंभिक पूछताछ में कार्यालय में मौजूद लोगों द्वारा रकम को हवाला का पैसा बताया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया।

तीनों एजेंसियों की मौजूदगी में नोट गिनने की मशीन से नकदी की गिनती की गई, जिसमें कुल 39 लाख 22 हजार 660 रुपए मिले। पुलिस और जांच एजेंसियों ने कार्यालय के मालिक से इतनी बड़ी रकम के वैध दस्तावेज, हिसाब-किताब और रकम के स्रोत के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। वहीं कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी भी रकम के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया।

मामले में बरामद नकदी के स्रोत और हवाला कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है। आयकर विभाग और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।