Udaipur Local Crime Update: युवक की हत्या मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, जल्द खुलासे का दावा

10 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ
 | 
crime

 

UdaipurTimes, September 28, 2026 | Udaipur Local Crime Update: शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में शनिवार रात 14 वर्षीय किशोर अक्षय की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने 10 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ कर वारदात से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाई हैं। वहीं, मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। Udaipur Crime Updates

मृतक के पिता गोरधन कालबेलिया निवासी जोगी तालाब ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे उनका पुत्र अक्षय अपने रिश्तेदार विशाल, अजय और लक्ष्मण के साथ मोटरसाइकिल पर दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान करीब 20 युवक नौ मोटरसाइकिलों और एक कार में सवार होकर पहुंचे। आरोपियों ने महेंद्र के मकान के बारे में पूछा। जानकारी नहीं होने की बात कहने पर उन्होंने अक्षय और उसके साथियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में अक्षय की मौत हो गई, जबकि विशाल और अजय घायल हो गए।

रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार दिन में महेंद्र का कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। आशंका है कि इसी रंजिश में आरोपी महेंद्र की हत्या करने आए थे, लेकिन उसके नहीं मिलने पर अक्षय और उसके साथियों पर हमला कर दिया। Udaipur Local News

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और गिर्वा वृत्ताधिकारी छगन पुरोहित ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गोवर्धन विलास थानाधिकारी सुनील चारण और सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रतापनगर, सुखेर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीमें भी जांच में जुटी हैं। पुलिस ने पूरी रात कार्रवाई करते हुए 10 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की है। Rajasthan Local News

पुलिस का कहना है कि संदिग्धों को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।