13 साल से फरार 5 हजार रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार, धानमंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उदयपुर। धानमंडी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज था।
ज़िला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश कुमार ओझा और नगर पश्चिम वृताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 13 वर्षों से अपना ठिकाना बदलकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुजरात के मेहसाणा जिले के रामोसणा चौकड़ी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जहीर शाह पुत्र स्व. अहमदशाह शाह, उम्र 52 वर्ष, निवासी भाकर, थाना ऊंझा, जिला मेहसाणा, गुजरात के रूप में हुई है।
यह था पूरा मामला
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई 2013 को नूर सुल्तान, मोहम्मद सिकन्दर, मुमताज बानू, जेनब सहित अन्य लोगों ने धानमंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि जहीर शाह और अहमदशाह ‘अलकादरी ट्यूर एंड ट्रैवेल्स’ के नाम से यात्रियों को विदेश में धार्मिक यात्रा करवाने का काम करते थे।
आरोपियों द्वारा धार्मिक यात्रा करवाने और वीजा आदि दिलाने का विश्वास दिलाकर लोगों से उनके पासपोर्ट और रुपए लिए गए। इसके बाद दोनों आरोपी कथित तौर पर फरार हो गए।
रिपोर्ट के आधार पर धानमंडी थाने में प्रकरण संख्या 61/2013 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी जहीर शाह की तलाश लगातार की जा रही थी। आखिरकार तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।