उदयपुर में मामूली टक्कर के बाद सड़क पर मारपीट, एक युवक गिरफ्तार

 | 
Udaipur Crime

 

Udaipur Times, Crime News: 30 जून 2026। शहर के 100 फीट रोड स्थित अशोका पैलेस के सामने रविवार रात दो बाइक सवार युवकों के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर जमकर मारपीट हो गई। घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की टक्कर के बाद दोनों युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि अविनाश डांगी ने जीत निमावत के साथ बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों की बात भी जब आरोपी ने नहीं मानी तो गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू कराया और आरोपी अविनाश पुत्र वर्दीचंद डांगी को हिरासत में ले लिया।

थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था। मामूली बाइक टक्कर के बाद विवाद बढ़ा और उसने दूसरे युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News