उदयपुर में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की अपहरण के बाद हत्या, चार आरोपी हिरासत में
Udaipur Times, Crime News: 29 जून 2026। जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति का अपहरण कर उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मावली निवासी 45 वर्षीय हिम्मत सिंह सोलंकी के रूप में हुई है। घटना के विरोध में राजपूत करणी सेना और समाज के लोगों ने एमबी अस्पताल में प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की। Crime News
जानकारी के अनुसार हिम्मत सिंह 26 जून को कार से कैलाशपुरी पहुंचे थे, जहां वह एक महिला मित्र का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की एक सफेद पिकअप वहां पहुंची और उनकी कार को टक्कर मार दी। पिकअप से उतरे 7 से 8 बदमाशों ने कार के शीशे लाठियों और पत्थरों से तोड़ दिए तथा हिम्मत सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उनका अपहरण कर करीब 10 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी। Crime News
हिम्मत सिंह के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सुखेर थाने में गुमशुदगी और अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने 27 जून को सर्च अभियान चलाया, जिसके दौरान शनिवार शाम करीब पांच बजे पेसिफिक अस्पताल के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में उनका शव बरामद हुआ। Crime News
सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मामले में चार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक महिला को भी आरोपी बनाया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना सामने आया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। Crime News
प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का निर्णय लिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। Crime News
मृतक हिम्मत सिंह विवाहित थे और उनके दो बच्चे हैं। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
