Udaipur News: NH.48 पर बदमाशों का उत्पात, आधा दर्जन वाहनों पर पथराव
कई गाड़ियों के शीशे टूटे
उदयपुर 30 मई 2026 - जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शुक्रवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। कागदर क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने हाईवे से गुजर रहे आधा दर्जन वाहनों पर पथराव कर दिया, जिससे कई वाहनों के शीशे टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना रात करीब 11:30 बजे कागदर स्थित आवासीय विद्यालय के पास ओवरब्रिज पर हुई।
अचानक हुए हमले से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवरों ने किसी तरह वाहन निकालकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और वाहन चालकों में आक्रोश व्याप्त है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था।
इसी दौरान सड़क किनारे छिपे कुछ बदमाशों ने अचानक चलती गाड़ियों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव इतना अचानक और तेज था कि वाहन चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पथराव में कारों, ट्रकों और अन्य चौपहिया वाहनों के आगे तथा साइड के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी चालक या यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। कई वाहन अनियंत्रित होने की स्थिति में पहुंच गए थे, लेकिन चालक समय रहते उन्हें संभालने में सफल रहे। घटना के कारण वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। बीच रास्ते में वाहन क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों और चालकों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों ने हाईवे पर रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सूचना मिलने पर ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
#Udaipur #Rishabhdeo #NH48 #UdaipurNews #RajasthanNews #CrimeNews #HighwayIncident #BreakingNews #RajasthanPolice #Kagdar #UdaipurUpdates #NationalHighway48 #RoadSafety #RajasthanCrime #MewarNews #UdaipurBreaking #RajasthanUpdates #HighwaySafety #LocalNews #UdaipurCrime
