नेशनल हाईवे-48 पर टीडी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्टंटबाजों और यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 20 पावर बाइक जब्त

टीम ने नेशनल हाईवे-48 पर विभिन्न स्थानों पर सघन नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की और स्टंटबाजी, तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की
 | 
नेशनल हाईवे-48 पर टीडी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्टंटबाजों और यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 20 पावर बाइक जब्त

 

Udaipur, July 26, 2026 | Udaipur Local Crime News: उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान एवं सघन नाकाबंदी के तहत टीडी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-48 पर स्टंटबाजी करने वाले और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस अभियान में पुलिस ने करीब 20 पावर बाइकों को जब्त कर यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों को कड़ा संदेश दिया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देश तथा गिरवा वृत्ताधिकारी गोपाल चंदेल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी देवेंद्र सिंह मांडव के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा की गई। टीम ने नेशनल हाईवे-48 पर विभिन्न स्थानों पर सघन नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की और स्टंटबाजी, तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-48 पर आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी और पावर बाइक चालकों द्वारा स्टंट करने की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया गया। ऐसे वाहन चालक न केवल अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए टीडी थाना पुलिस ने अभियान को विशेष टास्क के रूप में लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहनों के दस्तावेजों की जांच, हेलमेट की अनिवार्यता, संशोधित साइलेंसर, तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन संचालन एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की भी जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पावर बाइकों को जब्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इस सफल अभियान में थानाधिकारी देवेंद्र सिंह मांडव, जितेंद्र asi साहब  जितेंद्र हेड साहब अरविंद जी हेड साहब पुष्पेंद्र जी हेड साहब तथा कांस्टेबल राहुल, चिराग, महेंद्र और सुरेश सहित पूरी पुलिस टीम ने समन्वय एवं टीमवर्क के साथ कार्रवाई को सफल बनाया।
टीडी थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।