उदयपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 411 अपराधी गिरफ्तार
वांछित अपराधियों के खिलाफ एरिया डोमिनेंस अभियान
उदयपुर 4 अक्टूबर 2025। पुलिस ने ज़िले भर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ और एरिया डोमिनेंस अभियान के तहत अलसुबह बड़ी कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल और उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में 107 से अधिक टीमों का गठन कर 477 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवानों ने दबिश दी।
अभियान के दौरान करीब 907 स्थानों पर चेकिंग और दबिश की गई, जिसमें 411 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें हत्या का प्रयास, लूट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित 98 आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा 280 लोगों को निरोधात्मक कार्रवाई में पकड़ा गया।
अभियान में आबकारी अधिनियम के तहत 25 प्रकरण दर्ज कर 20 अभियुक्त, आर्म्स एक्ट में 4 मामले दर्ज कर 4 आरोपी तथा अन्य अधिनियमों में 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 83 हिस्ट्रीशीटरों के घर भी दबिश देकर पूछताछ की।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि अपराध या अपराधियों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
