उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संगठित गिरोह बनाकर जुआ खेलने वाले 16 आरोपी गिरफ्तार
सूरजपोल क्षेत्र में पुलिस की दबिश, ₹60,100 नकद, जुआ सामग्री और पांच मोटरसाइकिल जब्त; मुख्य आरोपी पर 21 आपराधिक मामले दर्ज
उदयपुर 16 मई 2026- शहर में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह बनाकर जुआ खेलने वाले 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से जुआ सामग्री, 60 हजार 100 रुपये नकद और पांच वाहन जब्त किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूरवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस उप अधीक्षक (प्रशिक्षु) जगदीश कुमार और टीम ने 15 मई 2026 को सुरजपोल थाना क्षेत्र में कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खटीकवाड़ा क्षेत्र स्थित एक मकान में संगठित तरीके से जुआ खेला जा रहा है। इस पर पुलिस ने तलाशी वारंट प्राप्त कर मकान पर दबिश दी।
मौके पर मुख्य आरोपी नरेश चौहान उर्फ नरेश डांगी जुआ संचालन करते मिला। वहां 15 लोग तीन अलग-अलग समूह बनाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से ताश के पत्ते, 60 हजार 100 रुपये नकद और पांच मोटरसाइकिल जब्त की। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सुरजपोल थाना में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी नरेश चौहान उर्फ नरेश डांगी के खिलाफ उदयपुर शहर के विभिन्न थानों में मारपीट, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार और जुआ अधिनियम के तहत 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में नरेश चौहान, इकबाल खान, नौशाद अली, इरशाद अहमद, सुंदरलाल, लोकेश सेन, कमल लोहार, आशिक अली, अंशुल डक, मोहम्मद शोएब छीपा, मोहम्मद अशरफ, नईम खान, नरेश चौबीसा, मोहम्मद राजू, मुकेश सालवी और मोहम्मद मोहसिन खान शामिल हैं। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurPolice #CrimeNews #RajasthanNews #PoliceAction #Surajpol #BreakingNews #UdaipurCity #LocalNews
