19 वर्षो से फरार 10 हज़ार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
हाथीपोल थाना पुलिस टीम ने बंजारा समाज के लोगों का वेश धारण कर किया गिरफ्तार
उदयपुर 16 अप्रैल 2026। शहर की हाथीपोल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 19 वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी उद्घोषित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अवैध मादक पदार्थ अफीम तस्करी के मामले में वांछित था।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 में पुलिस नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। तलाशी के दौरान बाइक पर लगे बैग से 8 किलो 750 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई थी। इस संबंध में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
जांच में मोटरसाइकिल मध्यप्रदेश के नीमच जिले निवासी इन्द्र सिंह उर्फ लक्ष्मण सिंह बंजारा के नाम पाई गई। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपना नाम बदलकर लक्ष्मण सिंह कर लिया और सभी दस्तावेजों में यही नाम दर्ज करा लिया, जिससे उसकी गिरफ्तारी लंबे समय तक नहीं हो सकी।
ज़िला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने नीमच ज़िले के देपालपुरा क्षेत्र में गोपनीय रूप से डेरा डालकर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। एक विवाह समारोह में आरोपी के आने की जानकारी मिलने पर टीम के सदस्यों ने बंजारा समाज के लोगों का वेश धारण कर कार्यक्रम में शामिल होकर उसकी पहचान पुख्ता की। इसके बाद सही मौके का इंतजार करते हुए 16 अप्रैल 2026 को आरोपी को उसके गांव के बाहर दबोच लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने नाम और पहचान में बदलाव किया था। आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
इस कार्रवाई में ASI शंभुसिंह, हेड कॉन्स्टेबल हेमेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल कैलाश रेबारी और साइबर सेल के लोकेश रायकवाल की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #UdaipurCity #BreakingNews #CrimeNews #PoliceAction #PoliceOperation #LawAndOrder #OpiumCase #NDPS #DrugTrafficking #CrimeAlert #WantedCriminal #Exclusive #BigNews #IndiaNews #HindiNews #NewsUpdate #Neemuch #MadhyaPradesh #LocalNews #ViralNews #TrendingNews
