उदयपुर में 201 अपराधी गिरफ्तार
उदयपुर। जिले में अपराधियों की धरपकड़ और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए उदयपुर पुलिस का विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में सोमवार अलसुबह की गई बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने जिलेभर में दबिश देकर 201 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
अभियान 22 से 30 सितंबर तक चलेगा। पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, मुख्यालय एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, खेरवाड़ा एएसपी अंजना सुखवाल और जिले के सभी डिप्टी एसपी के सुपरविजन में 57 से अधिक टीमों का गठन किया गया। करीब 215 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अलसुबह जिलेभर में सक्रिय हुए और 357 से अधिक स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई में कुल 201 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
इनमें 87 वांछित अपराधी शामिल हैं, जिन पर स्थाई वारंट, गिरफ्तारी वारंट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, लूट और अन्य मामलों में कार्रवाई की गई।
इसके अलावा निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 106 व्यक्तियों को पकड़ा गया। अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम में 7 प्रकरण दर्ज कर 6 अभियुक्त और आर्म्स एक्ट में 2 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
वहीं 25 हिस्ट्रीशीटरों के घर दबिश देकर पूछताछ भी की गई।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपराध या अपराधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
