उदयपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 324 अपराधी दबोचे
उदयपुर 23 अगस्त 2025। जिला पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और एरिया डोमिनेंस अभियान के तहत शनिवार अलसुबह बड़ी कार्रवाई की। इस विशेष अभियान में जिलेभर में दबिश देकर कुल 324 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और खेरवाड़ा अजंना सुखवाल सहित जिले के सभी वृताधिकारी व थानाधिकारी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि अभियान के लिए 115 से अधिक टीमें गठित की गईं, जिनमें 510 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। इन टीमों ने जिलेभर में करीब 780 से अधिक स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई में 7 अभियुक्त हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित पाए गए। इसके अलावा 54 स्थाई और गिरफ्तारी वारंटी, 23 सामान्य मामलों में वांछित अभियुक्त तथा 228 व्यक्तियों को निरोधात्मक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान NDPS Act, Arms Act और आबकारी अधिनियम में 17 प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं पुलिस ने 32 हिस्ट्रीशीटरों के घर दबिश देकर उनसे पूछताछ भी की।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपराध और अपराधियों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurPolice #RajasthanPolice #UdaipurUpdates #UdaipurCrimeNews
