उदयपुर पुलिस का बड़ा अभियान, 289 बदमाश गिरफ्तार
एरिया डोमिनेशन के तहत 807 से ज्यादा ठिकानों पर दबिश, जिलेभर में कार्रवाई
उदयपुर 24 जनवरी 2026 - पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और एरिया डोमिनेशन के तहत शुक्रवार तड़के जिलेभर में बड़ी कार्रवाई की। विशेष अभियान के दौरान 807 से अधिक स्थानों पर दबिश देकर कुल 289 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव एवं जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर जिले में अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गोपाल स्वरूप मेवाड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्रीमती अंजना सुखवाल के सुपरविजन में जिले के सभी डिप्टी एसपी और थानाधिकारियों के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं। कार्रवाई के दौरान करीब 463 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

गठित टीमों ने एक साथ जिलेभर में दबिश देते हुए कुल 289 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या व हत्या के प्रयास, लूट, डकैती जैसे संगीन मामलों में वांछित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 58 स्थायी गिरफ्तारी वारंटों की तामील की गई तथा एक आरोपी को 299 सीआरपीसी में गिरफ्तार किया गया। सामान्य मामलों में वांछित 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं निरोधात्मक कार्रवाई के तहत नवीन विधिक प्रावधानों में 188 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान माइनर एक्ट के तहत 25 प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें आबकारी अधिनियम के 16 प्रकरण, एनडीपीएस एक्ट के 3 प्रकरण तथा अन्य अधिनियमों के तहत 2 आरोपी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 70 हिस्ट्रीशीटरों के घर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और अपराधियों में भय का माहौल कायम किया जा सके।
#UdaipurPolice #UdaipurNews #RajasthanPolice #CrimeControl #AreaDomination #LawAndOrder #Udaipur #Rajasthan #PoliceAction #BreakingNews