उदयपुर पुलिस ने किया फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड

कनाडा के नागरिकों से हो रही थी करोड़ों की ठगी

 | 
Fake Call Center busted

उदयपुर, 1 मई 2025  अवैध कॉल सेंटर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सविना थाना पुलिस ने एक फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। यह कॉल सेंटर डाकनकोटड़ा स्थित "द सफायर रिसोर्ट होटल" में वन वे टेक्नोलॉजी  के नाम से संचालित किया जा रहा था, जहां से कनाडा के अमेजन ग्राहकों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी।

कार्रवाई का नेतृत्व  

 उमेश ओझा एडिशनल एसपी, महिपाल सिंह डिप्टी एसपी एवं थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में कुल 41 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 30 लैपटॉप, 29 हेडफोन माइक, 25 चार्जर और 48 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

कॉल सेंटर में कार्यरत युवक-युवतियों को फर्जी प्रोपराइटर दीपु भाई उर्फ दीपेन पटेल द्वारा अमेज़न के नकली लिंक और कनाडा के ग्राहकों का डेटा उपलब्ध कराया जाता था। फिर IBMM सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्क्रिप्ट कॉल कर ग्राहकों को बताया जाता कि उनके नाम से अमेज़न पर बड़ी खरीदारी हुई है। डर और भ्रम का माहौल बनाकर ग्राहक से बैंक डिटेल्स ली जाती और फिर उन्हें बिटकॉइन एटीएम पर भेजकर QR कोड के जरिए राशि ठगी जाती थी।  

ठगी की गई राशि सीधे दीपु भाई के वॉलेट में ट्रांसफर हो जाती थी। कॉल सेंटर के कर्मचारियों को प्रतिमाह 12,000 से 15,000 रुपये तक नकद वेतन व डायलर-बैंकर को कमीशन दिया जाता था।

कानूनी कार्रवाई  
इस पूरे मामले में थाना सविना में BNS की धारा 316(2), 319(2), 318(4), 61(2)* व *IT एक्ट की धारा 66-C व 66-D* के तहत प्रकरण दर्ज कर गहन अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस दीपु भाई और उसके नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News