उदयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, एक करोड़ की ज्वैलरी चोरी का पर्दाफाश
नवीन ज्वैलर्स में हुई सनसनीखेज चोरी में अंतरराज्यीय गैंग का मुख्य सरगना समेत 3गिरफ्तार, 60 लाख का माल बरामद
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स शोरूम में हुई करीब एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का उदयपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नकबजन गैंग के मुख्य सरगना समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चंबल के बीहड़ों में खेतों में गहरे गड्ढे खोदकर छिपाया गया करीब 60 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है। बरामद माल में सोने-चांदी और हीरे की ज्वैलरी शामिल है।
29 जुलाई की रात हुई थी वारदात
29 जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान का साइड शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर शोरूम में घुसे थे। चोर शोरूम से करीब 22 लाख रुपये के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलो चांदी के आभूषण और बर्तन तथा 9.75 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी। मामले में हाथीपोल थाने में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
हाथीपोल थाना पुलिस टीम ने उदयपुर शहर में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पांच संदिग्ध व्यक्ति वारदात से पहले ज्वैलर्स शोरूम की रेकी करते हुए नजर आए। पुलिस ने संदिग्धों के आने-जाने के रूट को ट्रैक किया तो उनका मूवमेंट उदयपुर रेलवे स्टेशन से चित्तौड़गढ़, कोटा और धौलपुर की तरफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कोटा, बारां, ग्वालियर और धौलपुर से लेकर आगरा तक करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।
जांच में सामने आया कि वारदात को आगरा के पिनाहट और शमशाबाद थाना क्षेत्रों के चंबल बीहड़ों में सक्रिय एक शातिर अंतरराज्यीय नकबजन गैंग ने अंजाम दिया था।
बीहड़ों में गड्ढे खोदकर छिपाया था चोरी का माल
पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए चंबल के बीहड़ों में मुखबिरी और आसूचना तंत्र को मजबूत किया। इसके बाद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर गैंग के मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर खेतों में गहरे गड्ढे खोदकर छिपाया गया करीब 60 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया। बारिश के मौसम में खेतों में लंबी घास और दलदली रास्तों के बावजूद पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत कर चोरी का माल बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने धनपाल उर्फ धान्धु वर्मा निवासी पुरा नत्था झोरिया थाना पिनाहट आगरा, आनंद उर्फ कुकड़िया वर्मा निवासी पुरा नत्था झोरिया थाना पिनाहट आगरा और गुड्डू पुत्र राजाराम राठौड़ निवासी नगला मुक्ता थाना शमशाबाद आगरा को गिरफ्तार किया है।
आनंद उर्फ कुकड़िया वर्मा को गैंग का मुख्य सरगना बताया गया है। पुलिस के अनुसार धनपाल के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मुख्य सरगना आनंद के खिलाफ चोरी और नकबजनी के दो मामले दर्ज हैं।
दो महीने पहले की थी शोरूम की रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग ने वारदात को अंजाम देने से करीब दो महीने पहले इसकी तैयारी शुरू कर दी थी। गैंग के दो सदस्य मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा मजदूरी के बहाने उदयपुर आए थे। इसी दौरान दोनों ने नवीन ज्वैलर्स की रेकी की और शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था तथा आसपास के रास्तों की जानकारी जुटाई।
इसके बाद पूरी गैंग योजनाबद्ध तरीके से उदयपुर पहुंची। आरोपी पैदल गुमानिया नाले में उतरकर शोरूम तक पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।
मोबाइल फोन से भी बनाई दूरी
गैंग के सदस्य पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बेहद सतर्कता बरतते थे। वारदात के दौरान आरोपी मोबाइल फोन अपने पास नहीं रखते थे। यात्रा के दौरान टिकट और किराए का भुगतान नकद करते थे और लगातार ट्रेन व बस बदलते रहते थे, ताकि उनके पीछे डिजिटल या अन्य सुराग न छूटे।
वारदात के बाद आरोपी सीधे चंबल के बीहड़ों में जाकर छिप जाते थे और चोरी का माल खेतों में गड्ढे खोदकर दबा देते थे।
फरार आरोपियों और बाकी माल की तलाश जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में फरार आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा सहित अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही चोरी के बचे हुए माल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम: राजू देवी SHO, सोमेश्वर SI, हिम्मत नाथ ASI, शंभू सिंह ASI (विशेष भूमिका), मोहम्मद अतहर ASI, मनोज कुमार ASI, जितेंद्र सिंह ASI, लोकेश कुमार ASI, हेमेंद्र सिंह हैड कानि. 1979, कैलाश कानि. 1112, शैलेश कानि. 3318, ओनाड सिंह कानि. 699, करण कानि. 274, ईश्वर कानि. 630, नारायण कानि. 3349