उदयपुर पुलिस का नशा माफिया पर बड़ा प्रहार, 50 लाख की MDMA जब्त

 | 
Crime

 

Udaipur Times, Crime News: युवाओं को नशे से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘जागृति’ अभियान के तहत उदयपुर पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई की हैं। माण्डवा थाना पुलिस ने दुर्गम पहाड़ियों में अवैध रूप से की जा रही गांजा और भांग की खेती को नष्ट कर 11 क्विंटल से अधिक हरे पौधे जब्त किए। वहीं हिरणमगरी थाना पुलिस ने बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 470 ग्राम MDMA बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त MDMA की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

माण्डवा की पहाड़ियों में 11 क्विंटल से अधिक अवैध फसल नष्ट

पुलिस के अनुसार माण्डवा थाना क्षेत्र के मौजा साडी में दुर्गम पहाड़ियों में अवैध गांजा और भांग की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और कोटड़ा वृताधिकारी डूंगर सिंह के सुपरविजन में माण्डवा थानाधिकारी मूंगलाराम तथा डीएसटी प्रभारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तड़के नदी फला साडी के पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।

सर्च के दौरान कविताराम पुत्र हगाराम, नकलाराम पुत्र सरवर, होलाराम पुत्र धर्मा, किरण पुत्र मनिया, राविया पुत्र हगाराम और नारायण पुत्र बाबू के खेतों में अवैध रूप से गांजा और भांग की खेती मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 1149.500 किलोग्राम हरे पौधे नष्ट कर जब्त किए। इनमें 17.450 किलोग्राम गांजा और 1132.05 किलोग्राम भांग के पौधे शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले में माण्डवा थाने में सात अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें एक मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत और छह मामले आबकारी अधिनियम की धारा 16/54 के तहत दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब अवैध खेती और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हिरणमगरी में 50 लाख की MDMA जब्त, तीन गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई हिरणमगरी थाना क्षेत्र में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पूर्व वृताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र चारण तथा स्पेशल टीम प्रभारी देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो को घेराबंदी कर रोका।

पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार तीन व्यक्तियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 470 ग्राम अवैध MDMA ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद MDMA की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है। पुलिस ने MDMA के साथ स्कॉर्पियो को भी जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी यह MDMA बाड़मेर के गुढ़ामालानी निवासी अरविंद से खरीदकर उदयपुर ला रहे थे। मामले में हिरणमगरी थाने पर प्रकरण संख्या 383/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की आगे की जांच भूपालपुरा थानाधिकारी रतन सिंह कर रहे हैं।

दोनों कार्रवाइयां जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘जागृति’ अभियान के तहत की गई हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News