उदयपुर पुलिस का अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ महाअभियान, 270 से ज्यादा बदमाशों की चेकिंग

 | 
Udaipur Crime

 

Udaipur Times, Udaipur Police: उदयपुर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर भयमुक्त वातावरण कायम करने के लिए उदयपुर पुलिस ने अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग एवं धरपकड़ अभियान चलाया। अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के 42 आरोपियों, 221 हिस्ट्रीशीटरों और 7 अन्य सक्रिय व चालानशुदा अपराधियों को चेक किया गया।

यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश औझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई के सुपरविजन में जिले के विभिन्न वृताधिकारियों और थानाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई की।

अभियान में पुलिस का विशेष फोकस हिस्ट्रीशीटर, सक्रिय अपराधियों तथा आर्म्स एक्ट और फायरिंग के मामलों में पूर्व में चालानशुदा आरोपियों पर रहा। पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों के ठिकानों पर अचानक दबिश देकर उनकी तलाशी ली और वर्तमान गतिविधियों, रोजगार तथा आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार आदतन बदमाशों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 129 के तहत पाबंद भी किया गया। कार्रवाई के दौरान थाना कुराबड़ में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया।

अभियान के आंकड़ों के अनुसार आर्म्स एक्ट और फायरिंग के मामलों में चालानशुदा 42 आरोपियों की चेकिंग की गई। इसके अलावा 221 हिस्ट्रीशीटर और 7 अन्य सक्रिय या चालानशुदा अपराधियों को भी चेक किया गया।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में आपराधिक गतिविधियों, अवैध हथियारों के संग्रहण और उनके इस्तेमाल को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने, हथियारों के साथ रील बनाने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कहा कि अपराधियों और उन्हें संरक्षण या शह देने वाले तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।  

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News