उदयपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित 55 लाख की संपत्ति को किया फ्रीज,
दो मंजिला मकान और नोहरा सीज
Udaipur Times News, Crime News , उदयपुर 28 सितंबर 2026 । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज की है।
बेकरिया थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ जिले के निवासी उदयलाल उर्फ उदा गुर्जर के नाम पर दर्ज दो मंजिला आवासीय मकान और एक नोहरा फ्रीज किया है।
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर एडिशनल एसपी मुकुल शर्मा और कोटड़ा डिप्टी एसपी डूंगर सिंह के सुपरविजन में बेकरिया थानाधिकारी रामावतार मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। Udaipur Crime
पुलिस के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के बिजयपुर थाना क्षेत्र के पेमाखेड़ा निवासी उदयलाल उर्फ उदा पुत्र रतनलाल गुर्जर के नाम पर दर्ज दो मंजिला मकान और एक नोहरा की कुल अनुमानित कीमत 55 लाख रुपए है। Crime News
पुलिस ने इन संपत्तियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित मानते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज किया है। इस कार्रवाई को भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM (FOP) A एवं NDPS एक्ट, दिल्ली द्वारा स्थायी अनुमोदन प्रदान किया गया है।
पुलिस ने 17 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग की सूचना भी अंकित कर दी है। Property Seized by Police
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सक्षम प्राधिकारी और बेकरिया थानाधिकारी की अनुमति के बिना इन संपत्तियों को बेचना, खरीदना, गिरवी रखना, हस्तांतरित करना या उपहार में देना कानून के विरुद्ध होगा।
उदयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फ्रीज की गई संपत्तियों से संबंधित किसी भी प्रकार का लेन-देन न करें। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी और उससे अर्जित संपत्ति से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।