उदयपुर में पुलिस का बड़ा अभियान, 874 स्थानों पर दबिश देकर 298 अपराधी गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: 29 जून 2026। ज़िला पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए रविवार अलसुबह विशेष अभियान चलाते हुए जिलेभर में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के तहत 874 से अधिक स्थानों पर दबिश देकर कुल 298 अपराधी एवं आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल तथा जिले के सभी वृत्ताधिकारियों की निगरानी में 111 पुलिस टीमों का गठन किया गया। करीब 460 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिलेभर में एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने अभियान के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में वांछित 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 77 स्थाई वारंट एवं 12 गिरफ्तारी वारंटों का निस्तारण करते हुए कुल 89 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। सामान्य प्रकरणों में वांछित 8 तथा जुआ अधिनियम में 3 आरोपियों को भी पकड़ा गया।
निरोधात्मक कार्रवाई के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धाराओं 170, 172 एवं 129 के तहत 186 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर पाबंद कराया गया। वहीं पूर्व में चालानशुदा 100 अपराधियों को भी विधिक प्रावधानों के तहत पाबंद किया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत कुल 20 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें आबकारी अधिनियम के तहत 16 मामलों में 7 आरोपी, आर्म्स एक्ट के एक मामले में एक आरोपी तथा जुआ अधिनियम के 3 मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने जिले के 73 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर भी दबिश देकर उनसे पूछताछ की और उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रहे और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
