उदयपुर पुलिस ने 4 अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई की
उदयपुर 9 मार्च 2026। ज़िले में अवैध हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों ने डीएसटी टीम के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान कुल 26 हुक्के, 32 हुक्का पाइप, 69 अलग-अलग कंपनियों के फ्लेवर पैकेट, 8 चिलम और सिगरेट पैकेट जब्त कर नष्ट किए गए। इस कार्रवाई में चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर राजस्थान धूम्रपान निषेध अधिनियम की धारा 9/11 और कोटपा एक्ट की धारा 4/5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पहली कार्रवाई थाना अम्बामाता क्षेत्र में की गई। थानाधिकारी अम्बामाता और डीएसटी टीम ने हनुमान घाट स्थित ब्लू मून रेस्टोरेंट पर छापा मारकर 6 हुक्के, 5 हुक्का पाइप और 18 फ्लेवर डिब्बे जब्त किए। इनमें विभिन्न कंपनियों के फ्लेवर शामिल थे। मौके से शांति लाल पिता बाबूलाल निवासी वेरी फला घोड़ी थाना खेरवाड़ा जिला उदयपुर को हिरासत में लेकर प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में अम्बामाता थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने अंबावगढ़ स्थित कुराबड़ हिल रेस्टोरेंट पर छापा मारा। यहां से 3 हुक्के, 3 हुक्का पाइप, 4 चिलम और 9 फ्लेवर डिब्बे जब्त किए गए। मौके से महेंद्र पिता बालकृष्ण निवासी आजाद मोहल्ला, नीम चौक थाना कुराबड़ जिला उदयपुर को डिटेन किया गया और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
तीसरी कार्रवाई थाना बड़गांव क्षेत्र में की गई। यहां डीएसटी टीम और थाना पुलिस ने टाइगर हिल बड़गांव स्थित द थ्रिक फर्म रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करते हुए 13 हुक्के, 20 हुक्का पाइप, 30 फ्लेवर पैकेट और सिगरेट जब्त किए। मौके से रेस्टोरेंट मैनेजर निखिल कुमार पिता देवकरण निवासी मेघवाल बस्ती कासोली, रेवदर जिला सिरोही को डिटेन किया गया।
चौथी कार्रवाई में सुखेर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने फेज जोन कैफे, 100 फीट रोड श्यामपुरा सुखेर में छापा मारकर 4 हुक्के, 4 हुक्का पाइप, 4 चिलम और 12 फ्लेवर पैकेट जब्त किए। कैफे संचालक रंजीत सिंह पिता प्रहलाद सिंह निवासी डुंडियापुरा थाना इरादतनगर जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) को डिटेन कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है और अवैध हुक्का बार संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
#UdaipurNews #UdaipurPolice #RajasthanNews #HookahBarRaid #IllegalHookah #UdaipurCrime #RajasthanPolice #UdaipurCity #LakeCityNews #UdaipurUpdates
