ऑनलाइन सट्टा संचालन गतिविधियों पर पुलिस का छापा

DST, सवीना थाना और हिरणमगरी थाना  की संयुक्त कार्रवाई  
 | 

उदयपुर 27 नवंबर 2025। सवीना थाना क्षेत्र के रोशनजी की बाड़ी, सेक्टर-12 स्थित वर्धमान नगर में मंगलवार शाम अचानक सादी वर्दी में पहुंची पुलिस की चार स्कॉर्पियो गाड़ियों ने एक मकान पर छापेमारी की। 

पुलिस दल ने घर में घुसकर करीब आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान थोड़ी देर के लिए हाथापाई जैसी स्थिति भी बनी। अचानक हुई छापेमारी से कॉलोनी में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

आसपास के लोगों ने पूछताछ कर पुलिस टीम से पहचान पत्र दिखाने की मांग की, जिसके बाद टीम ने दस्तावेज प्रस्तुत किए और माहौल शांत हुआ। जानकारी के अनुसार, यह मकान करीब डेढ़ महीने पहले कुछ युवकों को किराए पर दिया गया था। उन्होंने प्राइवेट नौकरी का हवाला देकर मकान मालिक का विश्वास जीत लिया था।

यह संयुक्त कार्रवाई टीम डीएसटी, सवीना थाना प्रभारी अजय राव और हिरणमगरी थाना प्रभारी भरत योगी के नेतृत्व में की गई, जो देर रात तक जारी रही। सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवकों के पास से ऑनलाइन सट्टा संचालन और बैंक खातों की खरीद-फरोख्त जैसे अवैध गतिविधियों के सबूत मिले हैं। पुलिस युवकों से पूछताछ कर मामले में और भी खुलासे की संभावना जता रही है।