ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पकड़ा 1287 किलो डोडा चूरा, 3 स्कॉर्पियो गाड़ियां जब्त
आरोपी वाहन छोड़कर फरार
उदयपुर 13 अप्रैल 2026- अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत जिला पुलिस ने 1287 किलो डोडा चूरा जब्त, 3 स्कॉर्पियो गाड़ियां पकड़ी .
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में खेरोदा, भीण्डर और मावली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 1287 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त तीन स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं।
मावली थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन में 27 कट्टों में भरा 476.032 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। इसी तरह खेरोदा थाना पुलिस ने मेनार पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो का पीछा किया।
चालक करीब एक किलोमीटर तक वाहन भगाकर सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। वाहन की तलाशी में 20 कट्टों में भरा 364.580 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। वहीं, भीण्डर थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में फलाडोर रोड पर नाकाबंदी के दौरान स्कॉर्पियो का पीछा कर उसे नारायणपुरा गांव के पास छोड़ा हुआ बरामद किया। वाहन से 22 कट्टों में भरा 446 किलो 950 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया। तीनों मामलों में आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई उदयपुर पुलिस की नशे के खिलाफ सख्त मुहिम को दर्शाती है।
#Udaipur #RajasthanNews #UdaipurPolice #OperationTrinetra #DrugBust #CrimeNews #BreakingNews #NDPSAct #RajasthanPolice #UdaipurUpdates #AntiDrugCampaign #LocalNewsUdaipur #IndiaNews #PoliceAction #DrugFreeIndia
