उदयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने 6 मनचलो को डिटेन किया

सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित व्यवहार करने वाले 6 युवक डिटेन
 | 
3 sent behind bars in molestation case

उदयपुर 15 मई 2026। शहर में महिला सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उदयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा सादा वस्त्र और अदृश्य पुलिसिंग तकनीक के जरिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा के निर्देशन में 9 मई 2026 से डिकॉय ऑपरेशन शुरू किया गया है। अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी सादा वस्त्रों में शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।

पुलिस द्वारा पार्क, स्कूल-कॉलेजों के आसपास, बस स्टैंड, भीड़भाड़ वाले इलाकों और ऐसे स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जहां महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, फब्तियां कसने, चेन स्नैचिंग या अन्य अनुचित गतिविधियों की आशंका रहती है।

इसी क्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने चांदपोल, रानी रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन और अनुचित व्यवहार करने वाले 6 लोगों को स्थानीय थानों के सहयोग से डिटेन किया है। पुलिस द्वारा इनके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट अब तक कुल 18 लोगों को इस तरह की गतिविधियों में पकड़ चुकी है। आने वाले दिनों में भी शहर के संवेदनशील इलाकों में सादा वस्त्रों में गश्त और निगरानी जारी रहेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News