उदयपुर RDX क्लब में बाउंसरों ने छह युवकों को पीटा

पांच हिरासत में

 | 

उदयपुर 18 सितंबर 2025 । शहर के सुखेर थाना क्षेत्र स्थित RDX बार एंड क्लब के बाहर बुधवार तड़के मारपीट की घटना सामने आई। क्लब के बाहर छह दोस्तों को बाउंसरों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

भुवाणा के मानसरोवर निवासी कमलेश पालीवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दिल्ली से आए दोस्तों मोहित, मिलन, विकास, मोनू और रोहित के साथ रात करीब 11 बजे RDX बार में गया था। देर रात करीब 2:30 बजे जब वे लिफ्ट से बाहर आ रहे थे, तभी बार स्टाफ का एक परिचित युवक हाथ में बीयर लेकर लिफ्ट में घुसने लगा। दोस्तों ने उसे रोक दिया, जिससे विवाद हो गया।

रिपोर्ट के अनुसार, नीचे पहुंचते ही बार मैनेजर मुकेश सिंह, धर्मेंद्र सहित करीब 10 बाउंसरों ने उन पर हमला कर दिया और जमकर पिटाई की। घटना में सभी दोस्तों को गंभीर चोटें आई हैं।

सुखेर थानाधिकारी रविन्द्र चारण ने बताया कि इस मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही, बार को रात 11 बजे के बाद संचालन की अनुमति नहीं है, इस कारण बार मालिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को पत्र लिखा गया है। मामले की जांच जारी है।