उदयपुर स्कूल हादसा: बच्चे की मौत पर थाने के बाहर प्रदर्शन
स्कूल में सुरक्षा लापरवाही पर आक्रोश, दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
उदयपुर 21 अप्रैल 2026 - शहर के गोवर्धन विलास स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में हैंडबॉल का पोल गिरने से तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय महर्थ सिंह की मौत के मामले में मंगलवार को सर्वसमाज के लोगों ने गोवर्धन विलास थाने के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बच्चे की मौत के जिम्मेदारों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इधर, इस मामले में राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग के अध्यक्ष जस्टिस जी.आर. मूलचंदानी ने राज्य सरकार के खेल सचिव, उदयपुर संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि मृतक बालक के परिजनों को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने की व्यवस्था की जाए।
आयोग ने अपने निर्देशों में कहा है कि घटना के समय बालक स्कूल के गेम्स पीरियड में खेल रहा था और हैंडबॉल पोल गिरने से उसकी मौत होना बेहद दुखद है। ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूलों को परिपत्र जारी कर खेल उपकरणों, जालियों, पोल और खंभों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित कराएं। आयोग ने यह भी कहा कि आज का बच्चा कल का जिम्मेदार नागरिक है, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उदयपुर के संभागीय आयुक्त, कलेक्टर, एसपी तथा माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा विभाग के निदेशक को निर्देश दिए गए हैं कि जिले के सभी स्कूलों का निरीक्षण कर अध्ययन और खेल के दौरान छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और घटना की तथ्यात्मक रिपोर्ट आयोग को भेजें। साथ ही आयोग ने निर्देश दिए हैं कि मृतक बालक के परिजनों को विधिसम्मत मुआवजा प्रदान कर इसकी जानकारी भी आयोग को उपलब्ध कराई जाए।
#UdaipurNews #RajasthanNews #SchoolSafety #ChildSafety #UdaipurUpdates #GovardhanVilas #HumanRightsCommission #StudentSafety #IndiaNews #BreakingNews #EducationSafety #JusticeForChild #RajasthanUpdates #UdaipurLocal #SchoolAccident
