उदयपुर में सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा, दो गिरफ्तार
Udaipur Times, Crime News: 13 जून 2026। उदयपुर ज़िले के बड़गांव थाना पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया सरोज कुंवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल 2026 को अज्ञात बदमाश दिन के समय उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने की रखड़ी, झुमके, कान के झोले, मादलिया, नथ के कोटे, चांदी की पायल, नारियल, कड़े, गाय, सिक्के, ब्रेसलेट, चटक सहित अन्य आभूषण शामिल थे।
बड़गांव थानाधिकारी हितेश कुमार यादव और उनकी टीम ने आसूचना, ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीता उर्फ अंकित उर्फ कालूनाथ (21) निवासी पूरबिया कॉलोनी, 80 फीट रोड, मल्लातलाई तथा गलिया उर्फ अनिल (21) निवासी पूरबिया कॉलोनी, 80 फीट रोड, मल्लातलाई के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की मॉडिफाइड स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वीता उर्फ अंकित उर्फ कालूनाथ आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी रवि की तलाश जारी है।
