उदयपुर की विवाहिता को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप, जांच शुरू

 | 

Udaipur Times, Crime Update: 26 मई 2026। महाराष्ट्र में धर्मांतरण से जुड़े मामलों के बीच अब उदयपुर के एक बैंककर्मी की ओर से अपनी पत्नी और बेटी को लेकर चौंकाने वाले आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित युवक ने सुखेर थाने में मामला दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी का मुंबई में ब्रेनवॉश कर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया गया और बाद में उसे बेटी सहित अपने साथ ले जाया गया।

पीड़ित के अनुसार उसकी शादी नवंबर 2013 में हुई थी और वर्ष 2017 में बेटी का जन्म हुआ। वह और उसकी पत्नी मुंबई में एक बैंक में कार्यरत हैं। युवक ने आरोप लगाया कि पत्नी के साथ काम करने वाला बांद्रा ईस्ट निवासी आदिल पहले से ही उसे धर्म परिवर्तन के लिए उकसा रहा था। इसी दौरान पत्नी ने हिजाब पहनना भी शुरू कर दिया था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले वर्ष जब परिवार उदयपुर आया हुआ था, तब मुंबई के नरीमन पॉइंट निवासी साफिन गोडल ने फोन कर धमकियां दीं और पत्नी को तुरंत मुंबई भेजने का दबाव बनाया। आरोप है कि साफिन ने कहा था कि महिला जल्द ही बच्ची के साथ मुस्लिम धर्म अपना लेगी। बाद में नेहा शर्मा नामक महिला ने भी फोन कर पत्नी को मुंबई भेजने के लिए दबाव बनाया और नौकरी से निकलवाने की धमकी दी।

पति ने आरोप लगाया कि पूछताछ करने पर पत्नी ने स्वीकार किया कि साफिन उसी के कहने पर फोन कर रहा था और वह साफिन से निकाह करने तथा बेटी के साथ धर्म परिवर्तन करने के लिए तैयार थी। युवक का कहना है कि पत्नी के पास उर्दू की दो किताबें भी मिली थीं। परिवार के समझाने पर पत्नी ने फिलहाल ऐसा कदम नहीं उठाने का भरोसा दिया था और उदयपुर ट्रांसफर कराने की बात कही थी।

पीड़ित के अनुसार 18 अप्रैल को वह मुंबई से उदयपुर आने वाला था, लेकिन उससे पहले सुबह करीब 5:45 बजे उसकी पत्नी बेटी को लेकर साफिन के साथ चली गई। आरोप है कि वह घर से सोने की चेन और करीब पांच लाख रुपए नकद भी ले गई। बाद में पत्नी ने मैसेज कर बताया कि वह बेटी के साथ मुंबई जा रही है, लेकिन वहां पहुंचने पर भी दोनों नहीं मिले।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आदिल ने पहले महिला का ब्रेनवॉश कर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया और संयुक्त खाते से 2.59 लाख रुपए निकलवा लिए। युवक ने आरोप लगाया कि पत्नी को झांसे में लेकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और गर्भपात भी करवाया गया।

पीड़ित ने दावा किया है कि आदिल और साफिन किसी धार्मिक संगठन से जुड़े हुए हैं और दूसरे धर्म की महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराने का काम करते हैं। युवक ने आशंका जताई है कि उसकी बेटी का भी धर्म परिवर्तन कराया जा सकता है। फिलहाल बच्ची कहां है, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है।

उदयपुर एसपी डॉ अमृता दुहन का कहना है कि सुखेर थाने में धर्मेंद्र करने का प्रयास करने का मामला सामना है फिलहाल यह एक प्रयास का मामला है और इसे धर्मांतरण क्या जो नया अधिनियम आया है उसके प्रोविजंस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है उदयपुर पुलिस की एक टीम मुंबई के लिए रवाना हो गई है मामले की जांच की जा रही है मामले की जांच में जो भी तथ्य सामने आते हैं उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी उदयपुर के रहने वाले हैं और मुंबई में ही बैंक में नौकरी करते हैं मामले की जांच पूरी होने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुखेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News