उदयपुर के बलीचा हाईवे लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
arrest

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर की सविना थाना पुलिस ने बलीचा हाईवे पर हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की 22 हजार रुपये की राशि, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया है। पूछताछ में करीब 15 दिन पहले गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की वारदात का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, सरसिया फला मुंडला, जावर माइंस निवासी रतनलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रतनलाल गैस टंकी सप्लाई का काम करता है। 24 अगस्त 2026 को वह कृषि मंडी सविना से मेलडी माता गैस गोदाम की ओर टेंपो से जा रहा था।

इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक मुंह बांधकर उसके टेंपो के आगे आए और बाइक लगाकर टेंपो रुकवा दिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर रतनलाल की जेब में रखे 22 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

रिपोर्ट के आधार पर सविना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पूर्व डिप्टी एसपी छवि शर्मा के सुपरविजन में सविना थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने वाजिद खान और गौतम मीणा को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में अपराध प्रमाणित होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की राशि, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में गोवर्धन विलास थाना सर्कल में करीब 15 दिन पहले हुई एक अन्य लूट की वारदात का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

वाजिद के खिलाफ 40 से ज्यादा मामले दर्ज

गिरफ्तार आरोपी वाजिद खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लड़ाई-झगड़ा, लूट और चोरी जैसे 40 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

वाजिद खान, उम्र 36 वर्ष, निवासी दीवान शाह कॉलोनी, खांजीपीर, थाना सूरजपोल, उदयपुर।

गौतम मीणा, उम्र 30 वर्ष, निवासी भीलूराणा कच्ची बस्ती कॉलोनी, सज्जनगढ़ रोड, थाना अंबामाता, उदयपुर।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य संभावित वारदातों के संबंध में आगे की जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News