Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के माछला मगरा में शेखर पर हुए हमले को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले मोहल्ले में विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद अब परिजन और समाज के लोग जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द और सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
आपको बता दे कि शेखर पर हुए हमले के बाद से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वह एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और उसका उपचार जारी है। घायल की स्थिति को लेकर परिजनों और समाज के लोगों में गहरी नाराजगी है।
ज्ञापन के दौरान परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। परिजनों का कहना है कि इसके बाद मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी को लेकर उन्होंने एसपी से हस्तक्षेप कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि शेखर को न्याय दिलाने के लिए मामले में प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।