उदयपुर की सायरा थाना पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

 | 
arrest

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर  जिले की सायरा थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की थार जीप सहित दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, ढिकोडा निवासी पुष्करलाल मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी थार जीप नंबर RJ27UA5809 को 8 जुलाई 2026 की रात घर के बाहर खड़ा किया था। सुबह जीप गायब मिली। रिपोर्ट पर सायरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुन्द शर्मा और वृत्ताधिकारी गिर्वा छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी शैतानसिंह नाथावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने चोरी की थार जीप RJ27UA5809 को लावारिस हालत में बरामद किया। इसके बाद चार संदिग्धों शैतान कुमार, गोरखा उर्फ गोर्धन, मनीष उर्फ महेन्द्र और दशरथ से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने जीप चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों के कब्जे से बजाज पल्सर एन160 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं। दोनों मोटरसाइकिलों को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त किया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय ऐसे वाहनों की रेकी करते थे, जो लगातार एक ही स्थान पर खड़े रहते हैं। इसके बाद रात में मास्टर चाबी की मदद से वाहनों को स्टार्ट कर चोरी कर ले जाते थे।

गिरफ्तार आरोपी

  1. शैतान कुमार पिता छगनलाल गरासिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी सालरिया, थाना बेकरिया, उदयपुर
  2. गोरखा उर्फ गोर्धन पिता चुनाराम गरासिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी भुतवड़, थाना बेकरिया, उदयपुर
  3. मनीष उर्फ महेन्द्र पिता हंसाराम गरासिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी कुरण खादरा, थाना नाणा, जिला पाली
  4. दशरथ पिता मालाराम गरासिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी कुरण खादरा, थाना नाणा, जिला पाली

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया है। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News