पुलिसकर्मी को भी नहीं बख्शा चोरो ने
उदयपुर 2 मई 2026। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार उदियापोल चौराहे पर आज दिनदहाड़े चोरी की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ चोरों ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला पुलिसकर्मी को निशाना बनाते हुए उनकी स्कूटी से मोबाइल निकाल लिया और भागने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी की स्कूटी सड़क पर खड़ी थी, तभी घात लगाकर बैठे चोर ने मौका पाकर स्कूटी में रखा मोबाइल फोन उड़ा लिया। वारदात को देख वहां मौजूद राहगीरों और अन्य पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत चोर का पीछा किया। खुद को घिरता देख और पुलिस को पीछे आता देख चोर मोबाइल को रास्ते में ही फेंक कर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
घटना के बाद उदियापोल चौराहे पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। हालांकि मोबाइल बरामद कर लिया गया है, लेकिन सरेराह पुलिसकर्मी के साथ हुई इस वारदात ने शहर में चोरों के बुलंद हौसलों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#UdaipurNews #UdaipurCrime #Udiapole #RajasthanNews #UdaipurCity #MewarNews #RajasthanPolice #UdaipurUpdates #LocalCrime #IndiaCrime
