कानूनी दबाव में युवक ने ज़हरीले पदार्थ का सेवन किया

22 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव में जहरीला पदार्थ पिया, समय रहते परिजनों ने बचाई जान

 | 
Udaipur Youth Hospitalized After Suicide Attempt Amid Legal Pressure

उदयपुर, 27 नवंबर 2025 - शहर में एक 22 वर्षीय युवक ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते ज़हरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। युवक ने घटना से पहले आठ पेज का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें लगातार मिल रही कानूनी परेशानियों और धमकियों का ज़िक्र किया गया है। समय रहते परिजनों की सतर्कता से युवक की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र की है। युवक घर पर अकेला था और इसी दौरान उसने ज़हरीला पदार्थ पी लिया। कुछ देर बाद उसका छोटा भाई घर पहुंचा तो उसे गंभीर हालत में पाकर तुरंत चित्तौड़गढ़ अस्पताल ले गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उदयपुर के MB हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

परिवार के अनुसार युवक के पिता स्विट्जरलैंड में एक कारोबारी के यहां सात साल तक कुक के रूप में काम कर चुके हैं।  परिजनों का आरोप है कि पिता को वहां लंबे समय तक वापस भारत लौटने नहीं दिया गया। सरकारी और कानूनी मदद से पिता को नवंबर 2024 में भारत लाया गया था, जिसके बाद परिवार ने संबंधित कारोबारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।

परिजनों का कहना है कि इसके बाद से परिवार पर कई मुकदमे और दबाव बनाए जा रहे थे, जिसके कारण युवक मानसिक तनाव में आ गया। युवक द्वारा छोड़े गए नोट में लगातार अदालतों के चक्कर, पुलिस के बार-बार आने और परिवार की बदनामी का जिक्र किया गया है। परिवार के अनुसार 22 वर्षीय युवक पर बढ़ते तनाव का गहरा असर पड़ा और इसी वजह से उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सुसाइड नोट के आधार पर तथ्य जुटाए जा रहे हैं। मेडिकल टीम की निगरानी में युवक का उपचार जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News