सूने घर में चोरी के बाद आग भी लगाईं

वल्लभनगर के बाठेड़ा की सराय गाँव की घटना
 | 
HZL

उदयपुर 3 फ़रवरी 2026। ज़िले के वल्लभनगर उपखंड स्थित डावा पंचायत के बाठेड़ा की सराय गांव में एक सूने घर में चोरी और आगजनी की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित महेंद्र पिता बंशीलाल कालबेलिया ने इस संबंध में डबोक थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी नानी की तबीयत खराब होने के कारण पूरा परिवार उन्हें लेकर मावली गया हुआ था। घर सूना देखकर रात करीब 12 बजे कुछ लोग टेम्पो में वहां पहुंचे। आरोप है कि वे अपने साथ लाठी, तलवार सहित अन्य हथियार लेकर आए थे। हमलावरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारियों में रखे सोना-चांदी के जेवरात व नकदी चुरा ली।

इसके बाद आरोपियों ने घर के अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में घर में रखा फर्नीचर, बिस्तर, बिजली की फिटिंग, अनाज सहित सारा घरेलू और कीमती सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में पीड़ित को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।

पड़ोसियों ने घर से आग की लपटें उठती देख पीड़ित को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलने पर परिवार तत्काल घर पहुंचा और आग बुझाई, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

घटना के बाद पीड़ित ने डबोक थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News