वल्लभनगर पुलिस की कार्रवाई, मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित लाखों की संपत्ति फ्रीज
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित लाखों की संपत्ति फ्रीज कर चार वाहन किए जब्त।
Udaipur Times News, CrimeNews, उदयपुर 20 जून 2026 - उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों की काली कमाई पर बड़ा प्रहार करते हुए अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज और जब्त किया है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल, वृत्ताधिकारी श्रवण दास संत और थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी विपिन पुत्र मांगू निवासी बड़गांव पुरोहितान, थाना वल्लभनगर द्वारा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित धन से खरीदे गए चार वाहनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज और जब्त किया गया है। इनमें एक स्कॉर्पियो, एक ऑल्टो कार, एक लोडिंग टेम्पो और एक महिंद्रा ट्रैक्टर शामिल हैं।
जांच और गोपनीय सत्यापन के दौरान सामने आया कि आरोपी का पिछले कई वर्षों से पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों से संपर्क था। आरोपी तस्करों को अपने क्षेत्र में ठहराने, संरक्षण देने और अन्य प्रकार का सहयोग उपलब्ध कराता था, जिसके बदले उसे आर्थिक लाभ प्राप्त होता था। इसी अवैध धनराशि से उसने विभिन्न चल संपत्तियां अर्जित की थीं। Udaipur News
पुलिस द्वारा किए गए वित्तीय विश्लेषण, स्थानीय सत्यापन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि उक्त वाहन मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से प्राप्त धन से खरीदे गए थे। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को फ्रीज और जब्त किया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई से संबंधित सभी दस्तावेज, साक्ष्य और संपत्ति का विवरण अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकरण को भेज दिया है। Udaipur Crime News
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा, "मादक पदार्थ तस्करी, नशे के अवैध कारोबार तथा इससे अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध उदयपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति चाहे स्वयं अपराधी के नाम हो या बेनामी हो, पुलिस उसे चिन्हित कर कानून के अनुसार फ्रीज या जब्त करने की कार्रवाई करेगी।"
उन्होंने कहा, "युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज को नशामुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।" Action against Drug Mafia
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध नशे का कारोबार या अपराध से अर्जित संपत्ति की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
#VallabhnagarNews #RajasthanNews #RajasthanPolice #CrimeNews #DrugTrafficking #NDPSAct #BreakingNews #UdaipurUpdates #WesternRajasthan#DrugFreeIndia#PoliceAction
