वल्लभनगर तहसील कार्यालय के भू-अभिलेख निरीक्षक रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार
उदयपुर 31 मार्च 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वल्लभनगर तहसील कार्यालय में पदस्थ भू-अभिलेख निरीक्षक देवेंद्र सिंह राणावत को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ACB स्पेशल यूनिट, उदयपुर द्वारा मुख्यालय के निर्देशन में की गई।
ACB के अनुसार परिवादी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया कि राजस्व ग्राम राणाकुई, पटवार हल्का गोटिपा में स्थित करीब पांच बीघा कृषि भूमि की श्रेणी में त्रुटि हो गई थी, जिसे सही करवाने के लिए तहसीलदार वल्लभनगर के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया गया था। जांच के दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक देवेंद्र सिंह राणावत ने भूमि शुद्धिकरण करवाने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
ACB ने शिकायत का सत्यापन करते हुए 13 और 23 फरवरी को बातचीत की रिकॉर्डिंग के माध्यम से रिश्वत मांग की पुष्टि की। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में निरीक्षक लक्ष्मणलाल डांगी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
ACB ने बताया कि आरोपी द्वारा शुद्धिकरण आदेश तहसीलदार से करवाने की बात कही गई थी, जिससे तहसीलदार वल्लभनगर की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
#UdaipurNews #RajasthanNews #Vallabhnagar #ACB #CorruptionCase #BreakingNews #IndiaNews #LocalNews #TehsilOffice #AntiCorruption #RajasthanPolice #UdaipurUpdates #GovtCorruption #LandRecords #Bureaucracy