झाड़ोल के मगवास में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प

घटना के बाद मेले को तुरंत बंद करवा दिया गया  
 | 
Jhadol magwas

उदयपुर 6 मार्च 2026। ज़िले के झाड़ोल थाना क्षेत्र की मगवास पंचायत में तीज पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित मेले में गुरुवार शाम दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। झगड़े के दौरान एक युवक तलवार लेकर दूसरे युवक के पीछे दौड़ा और तलवार लहराने लगा। इस दौरान पास में खड़ा एक 5 वर्षीय बच्चा तलवार की चपेट में आ गया और घायल हो गया। घटना के बाद मेले को तुरंत बंद करवा दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान एक युवक भागकर शंकरलाल पटेल की कपड़े की दुकान में घुस गया। उसके पीछे दूसरा युवक तलवार लेकर दौड़ा और तलवार लहराने लगा। उसी समय दुकान के पास खड़ा शंकरलाल का बेटा कार्तिक घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

घायल बच्चे को तुरंत उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। बच्चे को पांच टांके आए हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

थानाधिकारी फेलीराम मीणा ने बताया, “पुलिस को अभी तक घटना की लिखित रिपोर्ट नहीं मिली है। परिजनों से रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मेला आयोजकों ने आयोजन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली थी, इस संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News