मेहसाणा में जेवरात चोरी का वांछित आरोपी चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार

ज़िले की निंबाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार 
 | 
Chittorgarh Crime

चित्तौड़गढ़ 27 नवंबर 2025। गुजरात के मेहसाणा में हुई सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले में वांछित आरोपी को चित्तौड़गढ़ ज़िले की निंबाहेड़ा कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नरेंद्र कंजर को पकड़कर आवश्यक कार्रवाई के बाद मेहसाणा क्राइम ब्रांच पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’ के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी दौरान थाना कोतवाली निंबाहेड़ा को सूचना मिली कि वर्ष 2024 में मेहसाणा जिले के वीजापुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में नामजद आरोपी नरेंद्र कंजर वर्तमान में निंबाहेड़ा क्षेत्र में छिपा हुआ है।

सूचना के आधार पर एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के आदेश पर एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। कांस्टेबल वीरेंद्र, सुमित, ज्ञान प्रकाश और देवेंद्र ने सूचना संकलन कर घेराबंदी की और 32 वर्षीय नरेंद्र पुत्र कालू कंजर निवासी विजयपुर को डिटेन कर लिया।

आवश्यक अनुसंधान के बाद आरोपी को मेहसाणा क्राइम ब्रांच पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।