वांछित तस्कर हथियार, नकदी और चोरी की कार के साथ गिरफ्तार
हिरण मगरी थाना पुलिस एवं डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई
उदयपुर 16 जुलाई 2025। शहर की हिरण मगरी थाना पुलिस ने वांछित तस्कर को अवैध हथियार, 5 लाख रूपए नकदी और चोरी की कार के साथ गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और पुलिस उप अधीक्षक नगर पूर्व छगन पुरोहित के निर्देशन में जिला स्पेशल टीम और थाना हिरणमगरी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भजनलाल विश्नोई को गिरफ्तार किया। भजनलाल निवासी गांव खारा थाना करडा जिला जालौर, 2 क्विंटल डोडा चूरा खरीदने की तैयारी में था।
उसके कब्जे से 5 लाख 43 हजार 500 रुपये नकद, एक अवैध देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक चोरी की क्रेटा कार बरामद की गई। हिरणमगरी थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार भजनलाल पर पूर्व में भी तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करडा थाना पुलिस पर जानलेवा हमले और कैंपर लूट के मामले में वांछित था।
गिरफ्तारी में डीएसटी उदयपुर की टीम और हिरणमगरी पुलिस टीम का योगदान रहा। दोनों टीमों ने मिलकर यह सफलता हासिल की। पुलिस अब आरोपी से और भी मामलों में पूछताछ कर रही है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
