उदयपुर में पत्नी ने कुल्हाड़ी से किया पति पर हमला, फिर खुद लगाई फांसी

गोगुन्दा के मजावड़ी गांव की घटना 
 | 
couple

उदयपुर 9 मई 2026। ज़िले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने अपने पति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पति को मृत समझने के बाद महिला ने खुद फांसी लगा कर अपने जान ले ली। गंभीर घायल पति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना गोगुंदा थाना क्षेत्र के मजावड़ी गांव में गुरुवार रात की है। गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि उमेश गमेती (24) और उसकी पत्नी दुर्गा गमेती (21) एक भजन संध्या कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौटे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुर्गा ने कुल्हाड़ी उठाकर पति उमेश पर हमला कर दिया। हमले में उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके कपड़े खून से लथपथ हो गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले के बाद दुर्गा ने पति को मृत समझ लिया और आवेश में आकर कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया।

शुक्रवार दोपहर तक घर से कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो महिला फंदे पर लटकी मिली, जबकि उमेश गंभीर हालत में घायल पड़ा था। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उमेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने महिला के शव को मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

पुलिस के अनुसार घटना से पहले दुर्गा ने अपने जेठ को एक ऑडियो मैसेज भेजा था। ऑडियो में उसने कहा, “मैं मरूंगी और मारूंगी, दादा अलविदा। मेरी मौत के बाद किसी को परेशान मत करना।”

थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि पुलिस ने ऑडियो को कब्जे में ले लिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

#Udaipur #Gogunda #CrimeNews #UdaipurNews #RajasthanNews #BreakingNews #DomesticDispute #AxeAttack #PoliceInvestigation #Majawadi #UdaipurCrime #HindiNews #LatestNews #RajasthanCrime

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News