लापता पति की तलाश में टंकी पर चढ़ी पत्नी, 6 घंटे हाई वोल्टेज ड्रामा

SIT गठित करने के आश्वासन पर उतरी नीचे
 | 

उदयपुर 29 मार्च 2026। ज़िले के गोगुंदा क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कुंडाऊ गांव की एक महिला अपने लापता पति की तलाश की मांग को लेकर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब 6 घंटे तक चले हाई वोल्टेज घटनाक्रम के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे प्रशासन के समझाने और विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने के आश्वासन पर महिला सुरक्षित नीचे उतर गई।

जानकारी के अनुसार, कुंडाऊ निवासी कमला बाई (27) का पति तुलसीराम गमेती पिछले 43 दिनों से लापता है। पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से आहत कमला शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई और वहीं से अपने पति को खोजने की गुहार लगाने लगी। महिला ने स्पष्ट कहा कि जब तक उसके पति के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिलती, वह नीचे नहीं उतरेगी। इस दौरान उसने आत्महत्या की चेतावनी भी दी, जिससे मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी अंजना सुखवाल, गिर्वा डीएसपी राजेश यादव, प्रशिक्षु आईपीएस असीमा वाधवानी, गोगुंदा एसडीएम शुभम भैसारे, तहसीलदार प्रणीण कुमार सैनी तथा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समाज के पंचों और ग्रामीणों से वार्ता कर मामले की जानकारी दी और महिला को समझाने का प्रयास किया। मौके पर SDRF की टीम भी तैनात रही।

करीब पांच घंटे तक चले समझाइश के दौर के बाद, जब प्रशासन ने मामले की जांच के लिए अलग से SIT गठित करने का भरोसा दिलाया, तब महिला अपने परिजनों के कहने पर नीचे उतरने को तैयार हुई। इस दौरान घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं आदिवासी समाज के लोग एकत्रित हो गए थे।

परिजनों के अनुसार, तुलसीराम (29) 15 फरवरी से लापता है। आरोप है कि उसी दिन वेणी सिंह राजपूत उसे सीमेंट खाली करवाने के लिए अपने साथ ले गया था, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा। इस संबंध में गोगुंदा थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, लेकिन 40 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।

कमला ने बताया कि उसका पति परिवार का इकलौता कमाने वाला था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में समाज के लोगों द्वारा कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन देने तथा धरना शुरू करने के बाद ही पुलिस सक्रिय हुई।

बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने लापता तुलसीराम की तलाश के लिए पोस्टर जारी किए और सुराग देने वाले को 1 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश बना हुआ है।]

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Gogunda #BreakingNews #MissingPerson #JusticeForTulsiram #FindTulsiram #SITInvestigation #PoliceAction #WaterTankProtest  #RealStory #PublicProtest #TribalVoice #UdaipurUpdates #LocalNewsRajasthan #TrendingNews #ViralNews