Udaipur Times, Crime News: उदयपुर की सायरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूटी पर गांजा ले जा रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 3 किलो 40 ग्राम गांजा बरामद कर स्कूटी भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और वृत्ताधिकारी छगन पुरोहित के सुपरविजन में सायरा थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को गश्त के दौरान टीम सामल गांव की सड़क पर पहुंची थी। इसी दौरान गोगुंदा की ओर से बिना नंबर की स्कूटी पर एक महिला आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबरा गई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम जशोदा पत्नी हीरालाल कलाल निवासी मेनवाड़ा रोड बारली थाना सादड़ी जिला पाली बताया।
पुलिस ने स्कूटी पर रखे थैले के बारे में पूछा तो महिला संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। संदेह होने पर नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में थैले की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दो अलग-अलग थैलियों में कुल 3 किलो 40 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा और स्कूटी जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच नाई थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक कर्मवीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस महिला से गांजे की खरीद और सप्लाई के संबंध में पूछताछ कर रही है।