उदयपुर में महिला की जलने से मौत, पति ने जताई हत्या की आशंका

 | 
Suspected Death in Udaipur

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में एक महिला की जलने से मौत के मामले में पति ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। दक्षिण विस्तार, बलिया निवासी राजू दास ने अपनी पत्नी दुर्गा की मौत की निष्पक्ष जांच और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, दुर्गा 3 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे घर से पानी लेने के लिए निकली थी। शाम को पति को जानकारी मिली कि वह घर वापस नहीं आई और नगर निगम उदयपुर के डंपिंग यार्ड में जलने से उसकी मौत हो गई।

राजू दास ने आरोप लगाया कि हितेष गमेती नामक व्यक्ति दुर्गा को मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से दुर्गा लापता थी। पति ने आशंका जताई कि हितेष गमेती और अन्य लोगों ने उसके साथ वारदात कर उसकी हत्या की और शव को डंपिंग यार्ड में डालकर आग लगा दी।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि दुर्गा शराब नहीं पीती थी, जबकि समाचार पत्रों में उसकी मौत का कारण शराब पीकर कचरे में सो जाना बताया गया, जिसे पति ने गलत बताया।

राजू दास ने पुलिस अधीक्षक से गोवर्धन विलास थाना पुलिस को हत्या का मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News