उदयपुर में धार्मिक झांसे से महिला से ठगी
अंबामाता क्षेत्र में बदमाश सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल से भरा पर्स लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी
उदयपुर 8 मई 2026- महिला को झांसे में लेकर सोने के जेवर और नकदी से भरा पर्स लेकर फरार उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में महिला को धार्मिक बातों में उलझाकर ठगी करने का मामला सामने आया है।
बदमाश महिला को झांसे में लेकर सोने के जेवर, मोबाइल और नकदी से भरा पर्स लेकर फरार हो गए। पीड़िता उमा वर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह सुबह करीब 9:15 बजे अपने घर से देवाली स्थित विद्यालय के लिए निकली थीं।
रास्ते में एक व्यक्ति ने उनसे पतंजलि रामदेव महाराज कैंप का पता पूछा। इसी दौरान वहां एक अन्य युवक भी आ गया, जिससे भी वही पता पूछा गया। आरोपी ने दोनों को धार्मिक बातों में उलझाया और कहा कि उनके ऊपर दोष है। उसने दूसरे युवक से कहा कि उसकी मां बीमार है, जिस पर युवक ने हामी भर दी।
इसके बाद आरोपी ने दोनों को पानी की बोतल लाने के लिए कहा। महिला के अनुसार आरोपी ने उनसे कहा कि उनके पुत्र की मृत्यु का खतरा है और इस दोष को दूर करने के लिए पहने हुए सोने के जेवर उतारकर गंगाजल से धोकर दोबारा पहनने होंगे। आरोपी की बातों में आकर महिला ने अपनी सोने की चेन और अंगूठी उतारकर पर्स में रख दी।
इसके बाद आरोपी ने महिला को पर्स पकड़ाकर 11 कदम राम नाम लेते हुए चलने को कहा। जैसे ही महिला पीछे मुड़ी, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाते हुए उनका पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। महिला ने बताया कि पर्स में सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और करीब 10 हजार 500 रुपए नकद थे। मामले में अंबामाता थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #CrimeNews #UdaipurCrime #Ambamata #BreakingNews #GoldFraud #FraudCase #LocalNews #UdaipurUpdates #RajasthanPolice #IndiaNews #ReligiousScam
